दशहरा मैदान की नई गैलरी दो हिस्सों में बन रही, क्षमता बढ़कर 820 होगी, स्कूल की तरफ खुली जमीन पर पार्किंग
उज्जैन दशहरा मैदान का विस्तारीकरण किया जा रहा है। इसमें नई गैलरी का निर्माण दो हिस्सों में किया जा रहा है। इसमें बीच में खिलाड़ियों के आने-जाने का रास्ता रहेगा। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक स्कूल की तरफ की खुली जमीन पर पार्किंग की जा सकेगी। यहां खिलाड़ी अपने वाहन पार्क कर सकेंगे। गैलरी के नीचे नगर निगम के स्टोर रहेंगे। गैलरी के ऊपर शेड आदि लगाया जाएगा, ताकि गर्मी व बारिश में खेलप्रेमियों को धूप व बारिश के पानी से परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। दशहरा मैदान के स्टेडियम के अंतिम चरण का कार्य शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास के तहत दशहरा मैदान में स्टेडियम का निर्माण किया गया है। इसमें सामने की ओर गैलरी व दुकानों का निर्माण कार्य हो चुका है। गैलरी के बीच में आने-जाने का रास्ता दिए जाने के साथ ही गेट नंबर-1 व गेट नंबर-2 दिए गए हैं। गैलरी के निर्माण के अलावा बांउड्रीवाल का निर्माण किया गया है। इससे खेल मैदान सुरक्षित हो गया है। अब नई गैलरी के निर्माण में विशेष रूप से दशहरा पर्व पर आने वाली सवारी के लिए रास्ता दिया गया है। यह पूरा प्रोजेक्ट करीब 4.30 करोड़ का है, जिसमें बड़े समारोह की बैठक व्यवस्था के अलावा मंच का निर्माण किया है। अब अंतिम चरण का कार्य किया जा रहा है, जिसमें गैलरी का निर्माण के अलावा स्टोर रूम आदि बनाए जाएंगे। इसका ग्राउंड लेवल पर पिलर आदि का निर्माण हो रहा है।
इसके पूरा होने पर दशहरा मैदान का संपूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण हो जाएगा। दशहरा मैदान पर गैलेरी का निर्माण तेजी से चल रहा है। खेल प्रेमियों के बैठने की क्षमता बढ़ सकेगी पहला चरण- गैलरी आदि का कार्य किया व स्टोर रूम बनाए गए। दूसरा चरण- चारों तरफ बाउंड्रीवाल का निर्माण पूरा किया था। तीसरा चरण- नई गैलरी बनाई जा रही है। इसमें निगम के स्टोर रहेंगे। पहले और दूसरे चरण का कार्य पूर्ण होने पर स्टेडियम में करीब 600 लोगों के बैठने की क्षमता हो चुकी है। अब नई गैलरी का निर्माण होने से 220 लोगों के बैठने की क्षमता और बढ़ जाएगी। इस तरह कुल 820 लोगों को बैठने की क्षमता हो जाएगी। मास्टर प्लान में खेल गतिविधियों को बढ़ावा दिए जाने के उद्देश्य से दशहरा खेल मैदान पर स्टेडियम का निर्माण करने का निर्णय लिया गया था। इसका कार्य फरवरी-2023 में शुरू किया गया था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप स्टेडियम का निर्माण हो रहा है।