top header advertisement
Home - उज्जैन << संभागायुक्त और आईजी ने अधिकारियों के साथ महाकाल की सवारी मार्ग का किया भ्रमण

संभागायुक्त और आईजी ने अधिकारियों के साथ महाकाल की सवारी मार्ग का किया भ्रमण


सवारी मार्ग पर 100 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इस बार श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए सवारी के साथ एक चलित रथ चलेगा, जिसमें दोनों ओर एलईडी के माध्यम से श्रद्धालुओं को महाकाल के दर्शन हो सकेंगे। श्रावण, भादौ मास में महाकालेश्वर की सवारियों की तैयारियों को लेकर सोमवार को संभागायुक्त संजय गुप्ता और पुलिस महानिरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने प्रशासनिक संकुल भवन में बैठक कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों के साथ सवारी मार्ग का भ्रमण किया। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने तैयारियों के संबंध में जानकारी दी।

संभागायुक्त श्री गुप्ता ने कहा कि महाकालेश्वर की सवारी के श्रद्धालुओं को सुगमतापूर्वक दर्शन हो सके इसका ध्यान रखा जाए। सुनियोजित ढंग से भीड़ प्रबंधन किया जाए। महाकालेश्वर की सवारी में शामिल होने वाली मंडलियों को पास जारी किया जाए। पुलिस महानिरीक्षक श्री सिंह ने कहा कि महाकालेश्वर की सवारी मार्ग पर टू लेयर बैरिकेडिंग प्रभावी ढंग से की जाए। भगवान के मुखारविंद की पूजन के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए। पूजन के दौरान पूर्व निर्धारित संख्या में ही पंडे, पुजारियों और अतिथियों को प्रवेश दिया जाए। बाबा महाकाल सवारी मार्ग में पड़ने वाले होटल संचालकों से भी चर्चा कर उनके चैकिंग और चेक आउट के समय पर परिवर्तन किया जाए।

बैठक के बाद संभागायुक्त गुप्ता और पुलिस महानिरीक्षक ने डीआईजी, कलेक्टर, एसपी सहित अन्य अधिकारियों के साथ महाकालेश्वर की सवारी मार्ग का भ्रमण कर व्यवस्थाओं के संबंध में दिशा निर्देश दिए। अधिकारी महाकालेश्वर मंदिर से महाकाल चौराहा, चौबीस खंभा, रामानुजकोट, रामघाट, ढाबा रोड, गोपाल मंदिर होते पटनी बाजार, गुदरी चौराहा होते श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। संभागायुक्त गुप्ता और पुलिस महानिरीक्षक सिंह ने उपरोक्त मार्गों पर बैरिकेडिंग समय पर पूर्ण किए जाने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए। उन्होंने कहा कि बैरिकेडिंग व्यवस्थित और मजबूत हो।

एमपीईबी को निर्देशित किया गया कि बिजली के खंभों को प्लास्टिक शीट से कवर करवाएं। झूलते बिजली के तारों और खंभों की मरम्मत भी की जाए। एमपीईबी जगह-जगह अमले को तैनात करें। लोग ट्रांसफार्मर पर ना चढ़े, इसका ध्यान रखें। कलेक्टर सिंह ने बताया कि महाकालेश्वर की 7 सवारियां निकाली जाएंगी। जिसमें पहली सवारी 22 जुलाई को और शाही सवारी 2 सितंबर को निकाली जाएगी। सवारी अपने निर्धारित स्थान से प्रस्थान कर समय पर पहुंचे, इसका ध्यान रखा जाएगा। बैरिकेडिंग व्यवस्था और मरम्मत कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग को पाबंद किया गया है। चिकित्सा व्यवस्था के लिए एग्जिट गेट पर एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी।

Leave a reply