कमजोर पड़ा सिस्टम; सुबह से छाए घने बादल:जुलाई का दूसरा सप्ताह भी सूखा बीता, अच्छी बारिश के लिए कुछ दिन का इंतजार
जुलाई का दूसरा हफ्ता लगभग समाप्ति पर है लेकिन मौसम का रुख अभी तक रुखा है। इन दिनों रोज बादल छा रहे हैं। दिन में धूप भी निकल रही है। फिर बादल छा जाते हैं और बारिश के आसार बनते हैं लेकिन नहीं हो रही है। दो दिनों से तो बूंदाबांदी भी नहीं हुई है। सीजन की कुल बारिश 5 इंच ही हुई है। शुक्रवार सुबह भी घने बादल छाए हैं।
बुधवार को दिन का तापमान 30.8 (0) और रात का तापमान 23.6 (+1) सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। गुरुवार को सुबह से बादल छाए। दोपहर को हवा की रफ्तार 15 किमी प्रति घंटा रही। इस दौरान तापमान में 2 डिग्री का इजाफा हुआ और 32.3 (+3) डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रात के तापमान में भी 1 डिग्री की बढोतरी हुई और 24.2 (+1) डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।