मुख्यमंत्री आज एक पेड़ मां के नाम अभियान में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को शहर आएंगे। वे यहां विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। कलेक्टर-एसपी ने शुक्रवार को तैयारियों का जायजा िलया।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार सीएम डॉ. यादव दोपहर 12.40 बजे पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। वे दोपहर 1 बजे सम्राट विक्रमादित्य भवन चिंतामण गणेश मार्ग में शिव परिवार मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा और विद्यालय के भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 2.40 बजे कपिला गोशाला में आयोजित एक पेड़ मां के नाम अभियान और गोशाला संवर्धन कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां से सीएम डॉ. यादव दोपहर 3.45 बजे संयुक्त कार्यालय भवन तहसील कोठी महल का लोकार्पण करने पहुंचेंगे। इसके बाद विक्रम विश्वविद्यालय स्वर्ण जयंती हॉल में आयोजित जनहितैषी बजट 2024 पर जनचर्चा कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
इधर, शुक्रवार को कलेक्टर नीरजकुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा ने कपिला गोशाला पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इसके अलावा संयुक्त कार्यालय भवन तहसील कोठी महल का भी निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिए।