अडानी ग्रुप ने कचनारिया में 1500 करोड़ की लागत से सीमेंट फैक्टरी डालने में दिखाई रुचि
अडानी ग्रुप को उज्जैन पसंद आया है। यह ग्रुप महिदपुर रोड स्थित कचनारिया के औद्योगिक क्षेत्र में सीमेंट की फैक्टरी डालने में रुचि दिखा रहा है। ग्रुप 1500 करोड़ का इंवेस्ट करेगा।
बुधवार को ग्रुप की टेक्निकल टीम ने जमीन का निरीक्षण किया और पसंद भी किया है। पहले भी ग्रुप की टीम यहां निरीक्षण करके पहुंची थी। अडानी ग्रुप की सीमेंट की फैक्टरी के लिए 50 एकड़ जमीन की डिमांड है। कचनारिया में 177 हेक्टेयर का औद्योगिक क्षेत्र उपलब्ध है।
बताया जा रहा है कि इस फैक्टरी के डलने से करीब 2 हजार लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद रहेगी। मप्र औद्योगिक विकास निगम के कार्यकारी संचालक राजेश राठौड़ के अनुसार अडानी ग्रुप की टेक्निकल टीम ने कचनारिया में निरीक्षण किया है। यह ग्रुप 1500 करोड़ का इंवेस्ट कर सीमेंट की फैक्टरी लगाना चाहता है।