धुलेंडी पर शहर रंगों से सराबोर रहा। विभिन्न समाज ने गेर निकाली व गमी वालें घरों में जाकर रंग डालने की परंपरा का निर्वहन किया
उज्जैन रंग पर्व अंतर्गत सोमवार को धुलेंडी पर शहर रंगों से सराबोर रहा। विभिन्न समाज ने गेर निकाली व गमी वालें घरों में जाकर रंग डालने की परंपरा का निर्वहन किया। राठौर क्षत्रिय समाज ट्रस्ट की अगुवाई में धुलेंडी पर रंगारंग गेर निकाली गई। इसमें गमी वाले घरों पर खुशी का रंग डालने की परंपरा का निर्वहन किया। पूर्व ट्रस्टी गोपाल राठौर ने बताया सुबह मदनमोहन मंदिर गोंदा चौकी पर भगवान संग होली खेलकर गेर निकाल कर 35 गमी वाले घरों में खुशी का रंग डाला गया। शाम को कार्तिक चौक िस्थत समाज की धर्मशाला में पर मिलन समारोह संध्या फिरोजिया के आतिथ्य में हुआ। डॉ. योगेश्वरी राठौर, पार्षद अंजलि पटेल विशेष अतिथि थे। मिलन समारोह में भूमि दान अभियान अंतर्गत दो लाख रुपए की घोषणा कर ट्रस्ट को चेक प्रदान किए। निवर्तमान अध्यक्ष शिवनारायण राठौर ताजपुर वाले को संरक्षक बनाया गया।
सेवाधाम आश्रम में होली पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सबसे पहले सुधीर भाई, कांता भाभी, मोनिका दीदी और गौरी दीदी ने होलिका दहन पं. श्रीराम शर्मा के आचार्यत्व में किया। सुधीर भाई ने बताया बच्चों, युवाओं एवं बुजुर्गों को प्राकृतिक गुलाल लगाकर विश्व कल्याण के संकल्प का संदेश दिया। ढ़ोल-ढमाकों के साथ सद्गुरु स्वाध्याय मंदिर में आराध्य गुरुदेव स्वामी रणछोड़दासजी महाराज के चित्र पर गुलाल एवं पुष्प अर्पित कर सत्यवती महिला प्रकल्प तक गेर निकाली। इसमें आश्रम के विशेष बच्चे जमकर नाचे। आश्रमवासियों को प्राकृतिक गुलाल, हल्दी व टेसू के फूलों से बनाए रंगों से होली खिलाई।
चिड़ार समाज ने निकाली मोहन नगर चौराहा स्थित अंबे माता मंदिर से गुलाल गेर निकाली। समाजजन ने गमी वाले परिवारों पर रंग डाला। समाज के संयोजक मोहन चंदेल ने बताया गेर के बाद समाज की कार्यकारिणी की बैठक हुई। इसमें 7 अप्रैल को होली मिलन समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया। होली मिलन समारोह में बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन होंगे।