महाकाल में रंगपंचमी पर भक्तों के रंग लाने पर प्रतिबंध
सोमवार को धुलेंडी पर्व पर भस्म आरती के दौरान अल सुबह महाकाल मंदिर के गर्भगृह में लगी आग में 14 लोग झुलस गए थे जिसमें पण्डे पुजारी सेवक और मंदिर के कर्मचारी भी शामिल थे।
पड़ताल में पता चला था कि आग केमिकल युक्त गुलाल की वजह से लगी थी। जिसको भस्म आरती के दौरान हुई कर्पूर आरती में पुजारी के पीछे खड़े किसी व्यक्ति ने फेंका था। जिसके कारण गुलाल पुजारी के सिर पर गिरा और बाद में वहीं गुलाल नीचे रखे दीपक में गिरने लगा। अब मंदिर से जुड़े सूत्र बता रहे हैं कि आरती की वजह सिर्फ वही गुलाल था, जिसको किसी ने फेंका था। हालांकि दो दिन बाद जांच टीम रिपोर्ट सौंपेगी। जिसमें साफ हो जाएगा कि आग लगने की पीछे कारण क्या थे?
फिलहाल कलेक्टर नीरज सिंह ने आगामी 29 मार्च को होने वाली रंगपंचमी पर्व के लिए गाइड लाइन जारी कर दी है। इसमें श्रद्धालुओं के महाकाल मंदिर में रंग लाने पर प्रतिबन्ध लगा दिया है। साथ ही मंदिर के पुजारी पुरोहित को भी महाकाल मंदिर के गर्भगृह में रंगपंचमी खेलने की अनुमति सिर्फ प्रतीकात्मक होगी। इस दौरान पण्डे पुजारी सीमित मात्रा तय मापदंडो के आधार पर रंगपंचमी पर्व मना सकेंगे।
कलेक्टर सिंह ने बताया कि जो परम्परा मंदिर में वर्षों से चली आ रही है, उसका निर्वहन किया जाएगा। परम्परा के अतिरिक्त ऐसी सामग्री का उपयोग नहीं किया जा सकेगा।
कलेक्टर ने कहा- कार्रवाई होगी
कलेक्टर नीरज सिंह ने सख्त लहजे में कहा कि जो भी मंदिर के नियम तोड़ेगा, उन पर कार्रवाई की जाएगी। रंग पंचमी पर मंदिर समिति द्वारा पूर्व में लिए गए निर्णय और कोर्ट की गाइड लाइन से ही पर्व मनाया जाएगा। रंग पंचमी पर मंदिर में आने वाले भक्त अपने साथ रंग लेकर नहीं आए। सभी को चेकिंग के बाद ही प्रवेश मिलेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई होगी। पण्डे पुजारियों को रंग भी मंदिर समिति उपलब्ध करवाएगी।
महाकाल मंदिर में सोमवार को हुए हादसे के बाद अस्पताल से एक की छुट्टी करने के बाद बाकी बचे 13 लोगों का इलाज इंदौर के अरविंदो अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि सभी सुरक्षित हैं।
जानिए, किस की हालत कैसी
1.मनोज जोशी (43) : 30-35प्रतिशत जले थे, स्थिति में सुधार है।
2.संजय पुजारी (50) : 30-35प्रतिशत जले थे, स्थिति में सुधार है।
3.शुभम जोशी (21) : 30-35प्रतिशत जले थे, स्थिति में सुधार है।
4.आनंद (35) : 30-35प्रतिशत जले थे, स्थिति में सुधार है।
5.विकास शर्मा (40) : 25-30प्रतिशत जले थे, स्थिति में सुधार है।
6.सत्यनारायण सोनी (79) : 40-४५प्रतिशत जले थे, स्थिति में सुधार है।
7.रमेश (60) : 10-15प्रतिशत जले थे, स्थिति में सुधार है।
8.चिंतामन गेहलोत (70) : 30-35प्रतिशत जले थे, स्थिति में सुधार है।
9.सोनू राठौर (34) : 5-10प्रतिशत जले थे, स्थिति ठीक है।
10.मास्टर अंश शर्मा (12) : 5-10प्रतिशत जले थे, स्थिति ठीक है।
11.मंगल (36) : 5-10प्रतिशत जले थे, स्थिति ठीक है।
12.कमल (44) : 5-10प्रतिशत जले थे, स्थिति ठीक है।