यूडीए प्रशासन ने बदलाव करते हुए प्राधिकरण की संपदा शाखा में वर्षों से जमे योजना प्रभारियों को हटा दिया
उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए) में आंतरिक सर्जरी की गई है। इसमें बाबूगिरी पर ब्रेक लगाते हुए यूडीए प्रशासन ने बदलाव करते हुए प्राधिकरण की संपदा शाखा में वर्षों से जमे योजना प्रभारियों को हटा दिया है। यूडीए सीईओ के पद पर संदीपकुमार सोनी की वापसी के बाद उन्होंने सर्जरी की शुरुआत करते हुए योजनाओं का प्रभार देख रहे कर्मचारियों को बदला है। संपदा शाखा में योजना प्रभारियों को साइड लाइन किया है। लोकायुक्त या गंभीर जांच के प्रकरणों में घिरे कर्मचारियों को भी मूल पद पर लौटा दिया है। इसमें भृत्य स्तर के कर्मचारी अपना मूल कार्य ही करेंगे।
सीईओ सोनी की ओर से जारी आदेश के तहत संपदा शाखा के कार्यों के सुचारू संचालन के लिए कार्य विभाजन किया गया है। इसमें शिप्रा विहार, वसंत विहार, अलखनंदानगर, एलपी भार्गवनगर, त्रिवेणी विहार आवासीय योजना और हरिफाटक योजना, महानंदानगर के प्रभारियों को हटाया गया है। सभी कर्मचारी संपदा अधिकारी व सहायक संपदा अधिकारी के निर्देशन में कार्य देखेंगे। यह अब तक सबसे बड़ी सर्जरी मानी जा रही है। इसमें बाबूगिरी पर तो विराम लगेगा ही आम लोगों के कार्यों में आसानी होगी।
किसे-कहां भेजा... स्थाई कर्मी लेखा शाखा में मूल पद पर पदस्थ
बाबू मुकेश सोलंकी को शिप्रा विहार योजना, मुकेश गाैड़ को वसंत विहार तो विवेक बरुआ को दशहरा मैदान, अलखनंदा, गुलमोहर, एलपी भार्गव योजना दी है।
नितिन यादव को त्रिवेणी विहार का संपूर्ण प्रभार, विवेक भावसार को शिप्रा विहार तो संतोष तिवारी को ऋषिनगर, विजय राणावत को संत कबीर नगर, प्रवीणसिंह को महानंदनगर योजना दी गई।
शिप्रा विहार योजना के कर्मचारी कोटे के दुरुपयोग मामले में लोकायुक्त के आरोपी स्थायी कर्मी मनीष यादव को लेखा शाखा में मूल पद भृत्य पर पदस्थ किया है।
स्थापना शाखा से सहायक ग्रेड-3 अनुपमा गहलोत को सूचना के अधिकार व योजना शाखा में भेजा है।
स्थायी कर्मी प्रवीण सिंह को हरिफाटक योजना, महानंदानगर, महाश्वेतानगर व शहनाई गार्डन दिया गया है।
स्थायी कर्मी मनोज यादव को संपदा शाखा में विवेक बरुआ का सहायक तो राहुल सोलंकी को विवेक भावसार का सहायक बनाया है।
इन्हें हटाया गया
मनोज अर्गल को लेखापाल से शासकीय संपत्ति के किराए आदि के सभी कार्य व संपदा शाखा में लेखापाल के कार्य दिए गए हैं।
सुनील डाबर को संपदा शाखा से सभी योजनाओं के चालान पर हस्ताक्षर, पीओएस मशीन का संचालन दिया है।
भगतसिंह टाटावत को स्थापना शाखा में भेजा है।
नंदकिशोर बघेल को स्थापना शाखा व स्टेशनरी का प्रभार दिया है।
रौनक सिंह को विधि शाखा में पदस्थ किया गया है।
जय सोलंकी को भू-अर्जन शाखा में भेजा गया है।
योगेश साेनी को संपदा शाखा से हटाते हुए कम्युनिटी हाॅल की बुकिंग, रिफंड व संधारण शाखा के कार्य दिए।
मनीष कुंडारा को कार्यालयीन डाक वितरण का कार्य दिया है।