निगम ने 3 साल से नहीं खरीदी कोई नई कचरा संग्रहण गाड़ी, पुराने वाहन भंगार
स्वच्छ सर्वेक्षण में राज्य स्तर पर 1 से 10 लाख की जनसंख्या में उज्जैन नगर निगम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया था लेकिन शहर को स्वच्छ बनाए रखने की प्रकिया में जरूरी डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन आज बुरी स्थिति में है। पिछले तीन सालों में निगम ने कचरा संग्रहण करने के लिए कोई नया वाहन नहीं खरीदा है। 2015 और 2017 में खरीदे हुए वाहन बुरी स्थिति में हैं और उनकी सर्विस अवधि खत्म हो गई। इसके साथ ही इनमें से अधिकांश वाहन भंगार हो गए हैं या कुछ वाहन अंडर मेंटनेंस के कारण आए दिन काम के दौरान बंद हो जाते हैं।
नगर निगम ने 2015 में 23, 2017 में 30, 2018 में 22 और 2020 में 18 वाहन खरीदे थे। इसके बाद से ही शहर के लिए नए वाहन आना बंद हो गए हैं। 2018 और 2020 के वाहन फिर भी सेवा दे रहे है लेकिन 2015 और 2017 के वाहन पुराने मॉडल के होने और गीला कचरा संग्रहण व अन्य कारणों से खराब होने के चलते अपनी सेवा अच्छे से नहीं दे पा रहे। शहर की जनसंख्या और क्षेत्र लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में कचरा गाड़ियों के खराब हो जाने से सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है। इसके साथ ही कुछ गाड़ियों में हॉर्न और स्पीकर नहीं लगे हैं, जिसके चलते वाहन आने के जानकारी रहवासियों को पता ही नहीं चल पाती।
वाहन बदलने की प्रकिया लगातार चलती रहती है ^जिन वाहनों की स्थिति खराब हैं उन्हें बदलने की प्रकिया लगातार चलती रहती है। कहीं भी गाड़ी खराब होने की शिकायत पर हम तुरंत एक्शन लेते हुए वाहन बदलते हैं। अभी नए प्रोजेक्ट के चलते 3 से 4 महीने में नई ई-वाहन आने वाले हैं, जिसके चलते व्यवस्थाएं और आसान हो जाएंगी। आशीष पाठक, नगर निगम आयुक्त