top header advertisement
Home - उज्जैन << उज्जैन के बटिक प्रिंट कलाकार हयात गुट्टी की दो पेंटिंग 6 लाख 72 हजार रुपये में बिकी है

उज्जैन के बटिक प्रिंट कलाकार हयात गुट्टी की दो पेंटिंग 6 लाख 72 हजार रुपये में बिकी है


उज्जैन। उज्जैन के बटिक प्रिंट कलाकार हयात गुट्टी की दो पेंटिंग 6 लाख 72 हजार रुपये में बिकी है। खरीददार कच्छ, गुजरात के हैं, जिन्होंने पेंटिंग को काफी सराहा और उसे खरीदे बिना न रह सके। 30 वर्षीय हयात द्वारा बनाई एक पेंटिंग में राशि चक्र और दूसरी में नाग-गरुढ़ की दुश्मनी को दर्शाया है।

बताया कि मोम को पिघलाकर विशेष रंगों की सहायता से कपड़ों पर हाथ से दोनों पेंटिंग बनाने में छह माह का वक्त लगा था। इसे 15 दिन पहले कच्छ में लगी प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया था। पिछले वर्ष दोनों पेटिंग का चयन मध्य प्रदेश सरकार ने पुरस्कार के लिए किया था। हयात ने बताया कि वे दिवंगत बटिक कलाकार रहीम गुट्टी के पोते हैं।
बटिक कला उन्हें विरासत में मिली है। उनके पिता भी बटिक कलाकार हैं। गत वर्ष वाणिज्य मंत्रालय ने उज्जैन की प्रसिद्ध भैरवगढ़ प्रिंट बटिक कला को जीआइ टैग प्रदान किया था।

भैरवगढ़ क्षेत्र के कुछ परिवार मोम को पिघलाकर कपड़ों पर एक खास तरह की हाथ से प्रिंटिंग करते हैं, जिसे बटिक प्रिंट कहा जाता है। यह प्रिंट, देशभर में भैरवगढ़ प्रिंट के नाम से जाना जाता है। यहां की चादरें व ड्रेस मटेरियल इंटरनेट वेबसाइट पर भी बिकते हैं।

Leave a reply