top header advertisement
Home - उज्जैन << नृत्यांगना शिखा शर्मा ने कहा भारतीय संस्कृति की देन है नृत्य

नृत्यांगना शिखा शर्मा ने कहा भारतीय संस्कृति की देन है नृत्य


उज्जैन। स्पीक मैके एवं संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय कार्यशाला प्रदर्शन के प्रथम दिवस नई दिल्ली की नवोदित नृत्यांगना शिखा शर्मा ने अपनी प्रथम प्रस्तुति दोपहर 1 बजे शासकीय माध्यमिक विद्यालय ऋषि नगर में देते हुए विद्यार्थियों को बताया कि भारतीय संस्कृति एवं सभ्यता विश्व के प्राचीनतम सभ्यताओं में से एक है, जो अपने आप में विज्ञान, अध्यात्म, कला, साहित्य, दर्शन का अद्भुत कोष समाहित किए हुए है। इसी अमूल्य संस्कृति की देन है कथक नृत्य जो उत्तर भारत में तो पोषित हुआ एवं अभी पूरे विश्व में इससे लोग परिचित हैं। इसमें सुंदर हस्तक, तालमय पद संचालन और अद्भुत चक्कर से एक विशेष वातावरण का सृजन किया जाता है, इसके साथ साथ इसके मूल में अभिनय के माध्यम से कथाओं को मूर्त रूप में प्रदर्शित किया जाता है।हमारे यहां किसी भी शुभ कार्य को करने से पहले ईश्वर की वंदना करने की परंपरा है जो इस नृत्य कला में भी विद्यमान है। उन्होंने अपने नृत्य प्रदर्शन की शुरुआत गणेश वंदना से करते हुए विद्यार्थियों को गणेश जी के आकर्षक स्वरूप से परिचित कराया।यहां पर उन्होंने बच्चों को विभिन्न हस्त मुद्राओं एवं पद संचालन  की जानकारी देते हुए कत्थक की बारीकियों को समझाया। यहां कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत शिक्षिका श्रीमती अनीता जैन ने किया। द्वितीय प्रस्तुति दोपहर 3 बजे शासकीय माध्यमिक विद्यालय, ग्राम हासमपुरा पर हुई। यहां नृत्यांगना ने अपने कार्यक्रम की शुरुआत गुरु वंदना गुरुर ब्रह्मा गुरुर विष्णु से करते हुए छात्र जीवन में गुरु की महत्ता को दर्शाया। सुश्री शिखा ने कार्यक्रम का समाहार बसंत की एक रचना से किया जिसमें बसंत ऋतु का वर्णन है, बसन्त के समय में प्रकृति में व्याप्त आनंद का, फूल, पौधे, पशु, पक्षी सभी प्रेमानंद से भरे रहते हैं। इसी कल्पना को नृत्यांगना ने नृत्य के माध्यम से साकार रूप देने का प्रयास किया। यह रचना राग बसंत एवं ताल तीन ताल में लयबद्ध है। यहां आभार शिक्षिका श्रीमती सुनीता शर्मा ने माना। स्पीक मैके के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष  पंकज अग्रवाल ने बताया कि बुधवार 14 फरवरी को शिखा अपनी प्रथम प्रस्तुति प्रातः 8:45 बजे शासकीय कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय दशहरा मैदान व द्वितीय प्रस्तुति प्रातः 10:15 बजे शासकीय माध्यमिक विद्यालय, कोठी पर देगी।

Leave a reply