41 दिन में अब तक 1.20 करोड़ से अधिक भक्तों ने बाबा के दर्शन किए
मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में भक्तों ने कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। रोज डेढ़ से दो लाख भक्त बाबा के दरबार में पहुंच रहे हैं। 41 दिन में अब तक 1.20 करोड़ से अधिक भक्तों ने बाबा के दर्शन किए हैं। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक संदीप कुमार सोनी ने बताया कि श्री महाकालेश्वर मंदिर में सामान्य रूप से भी प्रतिदिन डेढ़ लाख से दो लाख दर्शनार्थी श्री महाकालेश्वर भगवान के दर्शन कर रहे हैं। विशेष पर्व के दिनों व अवकाश के दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या का आंकड़ा निरंतर बढ़ रहा है। 31 दिसम्बर 2023 और एक जनवरी 2024 को श्री महाकालेश्वर भगवान की चलित भस्म आरती में 45 हजार और प्रातः 06 बजे से रात्रि शयन आरती तक लगभग 8 लाख 10 हजार श्रद्धालुओं ने श्री महाकालेश्वर भगवान के दर्शन किए। 15 जनवरी 2024 को मकर संक्रान्ति के अवसर पर देश के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों से भी भक्तगण श्री महाकालेश्वर के दर्शन हेतु आए। 17 जनवरी 2024 से 22 जनवरी 2024 तक उत्तर प्रदेश, अयोध्या की पावन धरा पर श्री रामलला की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध सामिति द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। श्री महाकालेश्वर मंदिर में लगातार श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हुई थी। इस दौरान भी लगभग पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं द्वारा श्री महाकालेश्वर भगवान के दर्शन किए। मंदिर परिसर में सायंकाल रामलला की महाआरती आकर्षक एवं भव्य आतिशबाजी व श्री राम भगवान की आरती के दौरान सभी भक्तो पर पुष्प वर्षा की गई। इससे श्री महाकालेश्वर मंदिर का वातावरण शिवमय के साथ राममय हो गया। इसी प्रकार 26, 27 व 28 जनवरी 2024 को लगभग 10 लाख 45 हजार श्रद्धालुओं ने श्री महाकालेश्वर भगवान के दर्शन किए।