प्राइवेट सेंटर्स से करवा सकेंगी नि:शुल्क सोनोग्राफी
चरक भवन सहित सभी सरकारी अस्पतालों और संस्थाओं में आने वाली गर्भवती मरीजों की संख्या ज्यादा होने के चलते सोनोग्राफी के पेंडिंग केस बढ़ जाते हैं। चरक भवन में रोजाना 20 से 30 सोनोग्राफी होती है और करीब 5 से 10 सोनोग्राफी पेंडिंग रह जाती है। इसके चलते इन पेंडिंग केसों की संख्या हमेशा बढ़ती ही रहती है। पेंडिंग केसों की संख्या दूर करने के उद्देश्य से शासन स्तर पर शुरू हुई योजना के तहत शासकीय चिकित्सक द्वारा सोनोग्राफी के लिए भेजे जाने वाली गर्भवती महिलाएं प्राइवेट सेंटर से नि:शुल्क सोनोग्राफी करवा पाएंगी।
डीएचओ 1 डॉ. एस के सिंह ने बताया दो सोनोग्राफी सेंटर्स के आवेदन पत्र भोपाल भेज दिए हैं। अनुमति मिलते ही यह शुरू हो जाएगा। एक सेंटर के लिए बात चल रही है। शहर के साथ जिले की तहसीलों से भी अनुबंधन के लिए अनुमति पत्र के लिए चर्चा जारी है।
यहां की महिला मरीजों को भी मिलेगा फायदा राज्य स्तर पर शुरू हुई इस योजना का ई रूपी प्रपोजल निकाला गया है। इसमें इच्छुक प्राइवेट सोनोग्राफी सेंटर्स को एक सहमति फॉर्म भरना होगा, जिसमें उनके बैंक अकाउंट की डिटेल होगी। सेंटर माह में जितनी सोनोग्राफी करेगा, 500 रुपए प्रति केस के हिसाब से शासन स्तर पर रुपए उसके खाते में डाले जाएंगे। योजना केवल गर्भवती महिलाओं के लिए है। इस योजना का फायदा जिले के सभी अस्पतालों सहित संजीवनी क्लीनिक और अर्बन हेल्थ सेंटर्स में इलाज करवा रही गर्भवती महिलाओं को मिलेगा।