top header advertisement
Home - उज्जैन << महालोक बनने के बाद से दर्शनार्थियों की संख्या बढ़ी, मंदिर की आय में भी इजाफा

महालोक बनने के बाद से दर्शनार्थियों की संख्या बढ़ी, मंदिर की आय में भी इजाफा


उज्जैन। श्री महाकाल महालोक बने डेढ़ वर्ष होने वाला है। जब से महालोक बना तब से मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या ने सारे अनुमानों को फेल कर दिया। प्रशासन ने जिस तरीके से श्रद्धालुओं के आने का अनुमान लगाया था और जिस हिसाब से तैयारी की थी, उससे कहीं अधिक श्रद्धालु महालोक देखने आए।

श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ ही बढ़ी मंदिर की आय

पर्व विशेष अवसर पर यह संख्या इतनी अधिक हो जाती है कि कई बार प्रशासन के अनुमान भी फेल हो जाते हैं। प्रतिदिन जहां कभी 25 से 50 हजार श्रद्धालु आते थे और पर्व विशेष पर 2 लाख से अधिक आते थे, वहीं अब सामान्य अवसर पर ही डेढ़ से दो लाख लोग प्रतिदिन आ रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के साथ ही महाकाल मंदिर की आय में भी बेतहाशा वृद्धि हुई है। श्रीमहाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति प्रशासक संदीप सोनी ने बताया कि 1 जनवरी से 31 जनवरी में गर्भ गृह की दानपेटियों से 24 लाख 58 हजार 325 रुपये, अन्य दानपेटियों से 2 करोड़ 90 लाख 7 हजार 298 रुपये व अन्य साधनों के माध्यम से 73 लाख 9 हजार 143 रुपये से अधिक का दान प्राप्त हुआ है।
इस तरह महाकाल मंदिर में आय में भी तेजी से वृद्धि हुई है। सोनी ने बताया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यहां श्रद्धालुओं के लिए लगातार सुविधाएं बढ़ाने और सभी को सुगमता से दर्शन हो सके, ऐसे प्रयास किए जा रहे हैं।

महालोक में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के साथ ही शहर में भी विकास की गति तेज हुई है। महाशिवरात्रि में आते हैं लाखों श्रद्धालुअगले महीने महाशिवरात्रि का पर्व है। प्रतिवर्ष महाशिवरात्रि पर लाखों श्रद्धालु उज्जैन आते हैं। ऐसी स्थिति में मंदिर प्रबंध समिति की ओर से यही प्रयास रहता है कि सभी श्रद्धालुओं को शीघ्र ही दर्शन हो सके। गत वर्ष भी लगभग 5 लाख से अधिक श्रद्धालु आए थे और सभी को आसानी से दर्शन भी उपलब्ध करवाए गए थे। इस वर्ष भी 7 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है।

                                                                             ...000...

Leave a reply