ओपन अंडर-15 आयु वर्ग में खिलाड़ियों ने दिखाया कौशल
मध्यप्रदेश शतरंज संघ के तत्वावधान में उज्जैन डिस्ट्रिक्ट चेस कॉर्पोरेशन एसोसिएशन द्वारा आयोजित नटखट ओपन अंडर-15 शतरंज स्पर्धा का शुभारंभ निगम सभापति कलावती यादव, अभा क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री राजेश सिंह कुशवाह, पार्षद प्रतिनिधि सुनील चावंड, बालकृष्ण पटेल के आतिथ्य में हुआ।
आयोजन सचिव रूपेश कुमारी कुशवाह के अनुसार स्पर्धा के मुख्य निर्णायक नीरज सिंह कुशवाह के साथ ही भोपाल के अनिल श्रीवास्तव, ललित पाटीदार, इंदौर के नितेश जैन, उज्जैन के मोहित यादव, शिवम जोशी, समर शिप्रे व राजस बागदरे ने निर्णायक की भूमिका निभाई। सात चक्र में संपन्न स्पर्धा का प्रथम चक्र बड़े उलटफेर के साथ प्रारंभ हुआ। प्रथम वरीयता प्राप्त आनंद सिंह कुशवाह को 49वीं वरीयता प्राप्त प्रत्युष महाजन ने मात देकर सनसनी फैला दी, द्वितीय चक्र में प्रत्युष के साथ तीसरी वरीयता प्राप्त इंदौर के अर्थ तापडिय़ा के साथ मैच में बराबरी पर रहे।
तृतीय चक्र में उज्जैन के आशय जैन ने पांचवीं वरीयता प्राप्त कविन कपूर को बराबरी पर रोका। चतुर्थ चक्र में देवास के नवल नीमा ने चौथी वरीयता प्राप्त इंदौर के दर्शील अय्यर को बराबरी पर रोका, वहीं उज्जैन की प्रावि सिंह तोमर ने तीन चक्र में ढाई अंक बनाने वाले प्रत्युष को आसानी से आक्रामक रुख अपनाते हुए मात दी। पांचवें चक्र में सिया नीरज कुशवाहा ने नवल नीमा को, स्वरा सूर्या ने शौर्यवीर सिंह शेखावत को व अर्थ तापड़िया ने संघर्ष पूर्ण मुकाबले में आशय जैन को हराया। छठे चक्र में छठी वरीयता प्राप्त स्वरा सूर्या ने दूसरी वरीयता प्राप्त सिया नीरज कुशवाह को हराकर स्पर्धा में 6 अंकों के साथ एकल बढ़त बनाई वहीं अर्थ तापड़िया ने दर्शील को हराकर दूसरा स्थान सुनिश्चित किया।
सातवें चक्र में स्वरा सूर्या के साथ संघर्षपूर्ण मुकाबले में अर्थ तापड़िया ने बाजी गवां दी। पुरस्कार वितरण समारोह भाजपा जिला उपाध्यक्ष आनंद सिंह खींची, कमलेश बैरवा, आयोजन अध्यक्ष प्रतीक सिंह तोमर, आयोजन निर्देशक रश्मि जैन व कोषाध्यक्ष डॉ. दीपाली कुलकर्णी के आतिथ्य में हुआ। संचालन डॉ. विभा सिंह तोमर ने किया। आभार सहसचिव रोहित परमार ने माना।
यह रहे अंतिम परिणाम {अंडर-15 आयु वर्ग में पहला स्थान स्वरा सूर्या, दूसरा सिया नीरज कुशवाह, तीसरा आनंद सिंह कुशवाह, चौथा कविन कपूर, पांचवां अर्थ तपाड़िया, छठा नैतिक परमार, सातवां शौर्य वीर सिंह शेखावत, आठवां नवल नीमा, नौंवा वैदिक मोहिते व दसवां स्थान दर्शील अय्यर ने प्राप्त किया। बालिका वर्ग में प्रथम प्रावी सिंह तोमर, द्वितीय श्रेया सिन्नरकर व तृतीय स्थान अनुषा दीवी तिवारी ने प्राप्त किया।