10 महीने में महाकाल को 144 करोड़ का दान
उज्जैन में महाकाल लोक के लोकार्पण के बाद महाकाल के खजाने में जमकर धन बरस रहा है। जानकर हैरानी होगी कि पहली बार श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति को पिछले 10 महीने में 144 करोड़ से ज्यादा का दान मिला है। पिछले 10 साल की तुलना करें, तो यह अब तक का सबसे ज्यादा दान है।
इसका बड़ा कारण यहां आने वाले भक्तों की संख्या में भी चार गुना इजाफा होना है। पिछले 41 दिन में रिकॉर्ड 1 करोड़ 20 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। महाकाल मंदिर में रोजाना करीब डेढ़ से दो लाख श्रद्धालु आ रहे हैं। पर्व के दिनों में यह संख्या 5 से 8 लाख पहुंच जाती है।
समिति ने वित्तीय वर्ष 2023-2024 का लेखा-जोखा जारी किया है। मंदिर समिति को अप्रैल 2023 से जनवरी 2024 तक 144 करोड़ 67 लाख से ज्यादा की आय हुई है।
समिति को वित्तीय वर्ष 2021-22 में 22 करोड़ 13 लाख रुपए का दान मिला था, जो 2022-23 में बढ़कर 46 करोड़ 51 लाख रुपए पहुंच गया।