top header advertisement
Home - उज्जैन << भारत जोड़ो न्याय यात्रा 5 मार्च की शाम 5 बजे उज्जैन पहुंचेंगी

भारत जोड़ो न्याय यात्रा 5 मार्च की शाम 5 बजे उज्जैन पहुंचेंगी


कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 5 मार्च की शाम 5 बजे उज्जैन पहुंचेंगी। इस दिन राहुल गांधी दो घंटे शहर में रहेंगे। वे सबसे पहले महाकाल के दर्शन करने पहुंचेंगे। इसके बाद महाकाल चौराहा से देवासगेट चौराहे तक रोड शो करेंगे। अंत में देवासगेट पर ही सभा को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद यात्रा बड़नगर रोड की तरफ आगे बढ़ जाएगी।

यात्रा से जुड़ी ये ताजा जानकारी गुरुवार को कांग्रेसियों की बैठक व निरीक्षण में सामने आई। निगम के नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने बताया कि यात्रा के संबंध में दोपहर में पार्टी कार्यालय पर बैठक रखी गई थी। इसमें मुख्य रूप से प्रदेश प्रभारी व पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह, पूर्व विधायक रवि जोशी, विधायक महेश परमार, दिनेश जैन बोस, पूर्व नगराध्यक्ष डॉ. बटुकशंकर जोशी, माया त्रिवेदी, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रवि भदौरिया व जिला ग्रामीण अध्यक्ष कमल पटेल आदि शामिल रहे।

बैठक के बाद रोड शो रूट का निरीक्षण भी किया गया। करीब तीन किमी लंबा रहेगा राहुल गांधी के रोड शो का रूट राहुल गांधी महाकाल दर्शन करने के बाद रोड शो करेंगे। जो महाकाल चौराहा से शुरू होकर पटनी बाजार, गोपाल मंदिर, कंठाल, नई सड़क, दौलतगंज, मालीपुरा होते हुए देवासगेट पर समाप्त होगा। करीब ढ़ाई-तीन किमी लंबे रूट के इस रोड शो के बाद देवासगेट पर ही राहुल गांधी सभा को भी संबोधित करेंगे।

इसके बाद शाम करीब 7 बजे राहुल गांधी यात्रा के साथ बड़नगर मार्ग की तरफ रवाना होंगे। उज्जैन से करीब 20 किमी दूर बड़नगर मार्ग पर यात्रा का रात्रि विश्राम रहेगा। इसके लिए स्थान फाइनल होना बाकी है। राय ने बताया कि यात्रा की तैयारियों के संबंध में पार्टी की एक बैठक 26 फरवरी को भी रखी गई है।दोपहर 3 बजे मक्सी में रहेगी यात्रा, विजयागंज मंडी और कायथा में भी रुकेंगे फिर शहर में प्रवेश 5 मार्च की दोपहर करीब 3 बजे भारत जोड़ो यात्रा मक्सी में रहेगी।

यहां से यात्रा आगे बढ़ते हुए विजयागंज मंडी व कायथा में भी कुछ देर के लिए रुकेगी। इस तरह से शाम करीब 5 बजे यात्रा उज्जैन में प्रवेश करेगी। उज्जैन में यात्रा के साथ राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर के 40-50 वरिष्ठ नेताओं के भी साथ रहने की संभावना है। यात्रा 2 मार्च को मुरैना से मप्र में प्रवेश करेगी। प्रदेश में करीब पांच दिन यात्रा के रहने का शेड्यूल है।

Leave a reply