मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कीं क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं
उज्जैन- मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि श्योपुर में नए विकास कार्यों की शुरूआत हो रही है। जहां कूनो में नदी पर पुल निर्माण के लिए 37 करोड़ की राशि खर्च होगी, वहीं आज 7 करोड़ रुपए लागत की नलजल योजना का भूमिपूजन भी किया गया । स्थानीय निवासियों को आशियाना बनाने के लिए दो लाख के स्थान पर ढाई लाख रुपए की राशि दी जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि क्षेत्र में 19 करोड़ रुपए लागत से पानीवरदा से चिकित्सा महाविद्यालय तक सड़क का निर्माण किया जाएगा। एक पृथक अस्पताल भी प्रारंभ होगा। कूनो क्षेत्र में पेट्रोल पम्प की व्यवस्था भी होगी, ताकि स्थानीय निवासियों को दूर नहीं जाना पड़े। चीता मित्रों को सायकिल प्रदान की गई है,भविष्य में इन्हें आवश्यकतानुसार मोटर सायकिल भी दी जाएगी। रोजगार साधन निरंतर बढ़ाए जाएंगे। विभागों द्वारा सम्मिलित रूप से कार्य किया जाएगा और समन्वित विकास योजना का क्रियान्वय किया जाएगा। राजस्व ग्रामों के साथ वन ग्रामों में आवश्यक सुविधाएं विकसित करने के कदम उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री मोदी जी द्वारा रविवार को गुजरात के द्वारका में केबल ब्रिज के उद्घटन का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकोपयोगी कार्यों से राष्ट्रवासी लाभान्वित हो रहे हैं। गोपाल कृष्ण भगवान के दर्शन के लिए अब नागरिकों को महत्वपूर्ण सुविधा मिल गई है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश और विभिन्न क्षेत्रों में अच्छे परिणाम सामने लाएगा।
वन एवं पर्यावरण,अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री श्री नागर सिंह चौहान ने कहा कि पालपुर कूनो क्षेत्र के आर्थिक विकास की राह खुल गई है। चीता परियोजना को जन सहयोग मिल रहा है। विधायक,श्री रामनिवास रावत ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित थे।