महाकाल मंदिर में दीपावली पर्व की शुरुआत
श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल के आंगन में दीपोत्सव का पर्व धनतेरस से शुरू हुआ। परंपरानुसार धनतेरस पर सुबह समस्त पुजारी-पुरोहित समिति द्वारा भगवान का अभिषेक व पूजन अर्चन किया गया। इससे पहले गुरुवार शाम को हुई संध्या आरती में भगवान महाकाल के गर्भगृह में फुलझड़ियाँ जलाकर दीपावली पर्व की शुरुआत हुई।
देश में सबसे पहले दीप पर्व मानने की परम्परा महाकाल मंदिर में है और उसी के तहत पांच दिन के इस दीप उत्सव की शुरआत गुरुवार शाम को संध्या आरती में महाकाल के सामने फुलझड़ी जलाकर की गई। श्री महाकालेश्वर मंदिर में दीपावली उत्सव के तहत शुक्रवार को धनतेरस पर्व की शुरआत पर पंरपरा अनुसार धनतेरस पर बाबा महाकाल का पूजन अभिषेक किया जाएगा। पूजन के दौरान कलेक्टर कुमार पुरूषोत्तम, प्रशासक संदीप सोनी व अन्य अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। वहीं रविवार 12 नवंबर को सुबह रूप चौदस पर भगवान महाकाल को अभ्यंग स्नान करवाया जाएगा, इस दौरान बाबा को हल्दी, चंदन, इत्र, सुगंधित द्रव्य से स्नान होगा। पुजारी परिवार की महिलाएं भगवान को उबटन लगाएंगी। इसके साथ ही बाबा को गर्म जल से स्नान प्रारंभ होगा।