top header advertisement
Home - उज्जैन << रात में तापमान औसत से ज्यादा, फिर भी महसूस हो रही ठंडक

रात में तापमान औसत से ज्यादा, फिर भी महसूस हो रही ठंडक


उत्तरी हवा का असर कमजोर पड़ने के बाद शहर में दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। रात में पारा सामान्य औसत तापमान से अधिक होने के बाद भी लोगों को सर्दी महसूस हो रही है। वहीं दिन में हवा की रफ्तार कम होने के कारण तापमान फिर से बढ़ गया है। मौसम विभाग की मानें तो आगामी पांच-छह दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रहने की संभावना है। शहर में रविवार को सुबह हवा की रफ्तार शून्य रही। दोपहर बाद भी केवल 4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ही हवा चली। दिन में आर्द्रता भी 68 प्रतिशत रही और दिनभर तेज धूप खिली रही। जिसके कारण पूरे दिन गर्मी के साथ उमस से लोग जूझते रहे। दिन में तापमान भी 0.4 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया।

रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य औसत तापमान से 1.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इधर रात के तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की मामूली वृद्धि जरूर हुई लेकिन पूरी रात ठंडक का असर बना रहा। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य औसत तापमान से 1.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल ने सोमवार को भी मौसम शुष्क बना रहने का पूर्वानुमान लगाया है। इस दौरान तापमान में आधा से एक डिग्री सेल्सियस तक का उतार-चढ़ाव बना रहने की संभावना है।

Leave a reply