कॉलेज छात्रा को अजमेर ले जाकर दुष्कर्म
उज्जैन थाना नागझिरी क्षेत्र में रहने वाली कालेज की छात्रा के साथ दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुस्लिम युवक हिन्दू लड़की को बहला फुसलाकर अपने साथ अजमेर ले गया। उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद वो अपने ससुराल राजगढ़ ब्यावरा लेकर पहुंचा। यहां पर लड़की ने अपनी मां को फोन पर आपबीती बताई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
नागझिरी क्षेत्र के नूरानी मस्जिद वाली गली में रहने वाली छात्रा ने पुलिस को बताया कि क्षेत्र में रहने वाला फरजान खान बीते चार वर्षों से जानता था। कुछ दिन पूर्व फरजान ने कहा कि वो मुझसे प्यार करता है और शादी करना चाहता है। इस पर मैंने उससे कहा कि मैं शादी नहीं कर सकती। उसने मुझे धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया।
27 अक्टूबर को सुबह 9 बजे उसने इंदौर अरविंदो अस्पताल के पास मुझे बुलाया। यहां पर हम राजबाड़ा में घूमते रहे। फरजान मुझे उसी रात को अजमेर ले गया। वहां पर दिल्ली गेट के पास एक होटल में दुष्कर्म की कोशिश की। मना करने पर उसने मेरे घर वालों की हत्या करने की धमकी दी। इसके बाद मुझे उसकी बात माननी पड़ी।
ब्यावरा में पत्नी और ससुर ने स्वागत किया
छात्र ने बताया कि अजमेर के बाद आरोपी राजगढ़ ब्यावरा लेकर गया। यहां पर उसकी पत्नी और ससुर हमें लेने आए। यही पर पहले से उसके शादीशुदा होने का पता चला। इस पर लड़की ने अपनी मां को फोन लगाकर सारी घटना बताई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी फरजान को गिरफ्तार कर छात्रा को उसके परिवार के हवाले कर दिया।