उज्जैन की भैरवगढ़ सेंट्रल जेल में 13.50 करोड़ रुपए के गबन मामले में पीड़ित कर्मचारियों के लिए राहत
उज्जैन की भैरवगढ़ सेंट्रल जेल में 13.50 करोड़ रुपए के गबन मामले में पीड़ित कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। जेल एडीजी अखेतो खेमा ने कहा कि किसी भी कर्मचारी का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। DPF (डिपार्टमेंटल प्रोविडेंट फंड) से गबन हुई राशि सरकार लौटाएगी। एडीजी गुरुवार को सेंट्रल जेल पहुंचे। उनके साथ डीआईजी मंशाराम पटेल भी थे। यहां उन्होंने अफसरों से मुलाकात कर जेल की व्यवस्थाएं देखी। साथ ही कुछ प्रहरियों से बात भी की।
रिटायर हो रहे कर्मचारियों को सबसे पहले मिलेगा पैसा
एडीजी खेमा ने मीडिया से भी बात की। उन्होंने कहा कि 67 से 70 कर्मचारियों के लिए उच्च स्तर पर निर्णय हुआ है कि सभी के खातों में राशि डाल दी जाएगी। चाहे वह एक लाख हो या 10 लाख। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि पैसा कब तक खाते में आएगा। यह जरूर कहा कि जो रिटायर होने वाले हैं, पहले उनके खाते में पैसा आएगा। इसके बाद धीरे-धीरे सभी कर्मचारियों के अकाउंट में पैसा आना शुरू हो जाएगा।ल एडीजी खेमा ने कहा कि आरोपियों से रिकवरी जारी है। एसआईटी की टीम लगातार जांच कर रही है। कुछ रिकवरी नहीं हो पाई है। अब तक 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनसे 3 करोड़ से अधिक की रिकवरी एसआईटी कर चुकी है। अब डीडीओ को दिए जाने वाले आईडी पासवर्ड पर सख्ती से नजर रखी जाएगी। आने वाले समय में बदलाव किए जा रहे हैं।