प्रसिद्ध मंदिरों में श्रीराम के जन्मोत्सव की धूम, दर्शंन के लिए लगी भीड़
उज्जैन चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर शहर में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया गया। दोपहर 12 बजे श्रीराम मंदिरों में शंख, घंटे, घडियाल की मंगल ध्वनि के बीच भये प्रकट कृपाला दीन दयाला कौशल्या हितकारी की गूंज सुनाई दी। सुबह से ही मंदिरों में भगवान श्रीराम का पंचामृत अभिषेक पूजन के पश्चात भगवान की प्रतिमा का श्रृंगार किया गया और उसके बाद प्रसादी वितरण भी हुआ।गुरूवार को सुबह अष्टमी पूजन के बाद शहर के प्राचीन रामजनार्दन मंदिर, रामजी की गली स्थित बूढ़ा राम मंदिर, हरसिद्धि की पाल स्थित पाटीदार समाज के राम मंदिर सहित मंगलनाथ क्षेत्र में रामानंदी अखाड़ा में राम नवमी पर्व मनाया गया। इस दिन सुबह भगवान श्री राम की प्रतिमा का पूजन-अभिषेक के पश्चात भव्य श्रृंगार किया गया। वहीं दोपहर 12 बजे आरती के पश्चात दर्शनार्थियों को प्रसाद वितरण किया गया। पाटीदार समाज के राम मंदिर में दोपहर में भगवान का विशेष पूजन, हवन के पश्चात प्रसाद वितरण किया गया। शहर के श्री राम मंदिरों में साज-सज्जा, विद्युत सजावट पहले ही हो गई थी। वहीं सुबह के समय घरों में नवमी पूजन करने के बाद व रामनवमी पर्व के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ श्री राम मंदिर में दर्शन के लिए दिन लगी रही।
महाकाल मंदिर के प्राचीन राम मंदिर में दोपहर में हुई आरती
श्री महाकालेश्वर मंदिर के सभा मंडप में स्थित प्राचीन श्री राम मंदिर में गुरूवार को राम जन्मोत्सव पर्व मनाया गया। मंदिर के पुजारी लोकेंद्र व्यास ने बताया कि सुबह भगवान का पूजन-अभिषेक के बाद श्रृंगार किया गया। भगवान के जन्मोत्सव पर दोपहर में भगवान की आरती की गई। मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। वहीं बुढ़ा राम मंदिर में भगवान को छप्पन भोग लगाकर दोपहर में भव्य आरती की गई।