महाशिवरात्रि पर 21 लाख दीप जलाएगा उज्जैन
उज्जैन में महाशिवरात्रि पर्व पर शहर में दीपावली मनेगी। अयोध्या में जलाए गए 15.76 लाख दीपक का रिकॉर्ड तोड़कर शिप्रा नदी किनारे शिव ज्योति अर्पणम कार्यक्रम के तहत 21 लाख दीपक जलाने की तैयारी हो रही है। एक ही जगह पर सबसे अधिक दीप जलाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाकर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में उज्जैन शहर के नाम दर्ज कराया जाएगा। करीब 22 हजार वॉलियंटर सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और आम लोगो के सहयोग से इस उत्सव को दुनियाभर के लोग लाइव देखेंगे। खास बात ये की पूरा कार्यक्रम जीरो वेस्ट होगा।महाकाल लोक के लोकार्पण के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु महाकाल मंदिर दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। 18 फरवरी को महाशिवरात्रि है। पूरे शहर को बिजली से रोशन कर चौराहे, पार्क आदि जगह पर सजावट की जाएगी। पिछले साल शिवरात्रि पर शिप्रा नदी के रामघाट पर 11.71 लाख दीपक जलाए गए थे। उज्जैन कलेक्टर कुमार पुरषोतम ने बताया कि बीते वर्ष का रिकॉर्ड तोड़कर इस बार 21 लाख दीपक जलाकर महाशिवरात्रि पर्व मनाया जाएगा। इसमें पूरा शहर भागीदारी करेगा। 22 हजार लोग इस काम में लगाए जाएंगे। सामाजिक संगठन, छात्र, व्यापारी, जन प्रतिनिधि, निजी संस्था सहित अन्य लोगों की भी मदद ली जाएगी।
जीरो वेस्ट होगा पूरा कार्यक्रम
कलेक्टर कुमार पुरषोत्तम ने बताया कि इस बार पूरा कार्यक्रम जीरो वेस्ट होगा। कार्यक्रम के बाद रात करीब 10 बजे के बाद घाटों की सफाई का कार्य शुरू हो जाएगा। दीप प्रज्जवलन के दौरान तेल रुई और दीपक का 3 आर के माध्यम से निपटारा किया जाएगा। बचे हुए तेल को गौशाला में, रुई को नगर निगम की कपडा बनाने वाली यूनिट में और दीपक से कलाकृति बनाई जाएगी। कार्यक्रम के अगले दिन सोमवती का स्नान होगा इससे पहले घाटों की सफाई करके पूरे वेस्ट का प्रबंधन कर दिया जाएगा।
महाशिवरात्रि पर अयोध्या का रिकॉर्ड टूटेगा
महाशिवरात्रि पर नया विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। अयोध्या में दीपावली की पूर्व संध्या पर 23 अक्टूबर को दीपोत्सव मनाकर सरयू घाट पर 15 लाख दीप जलाए गए थे। इसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। अब उज्जैन इस रिकॉर्ड काे तोड़ने की तैयारी में जुट गया है। महाशिवरात्रि पर्व पर 18 फरवरी को शिप्रा तट पर 21 लाख दीप जलाने की तैयारी शुरू हो गई है। महाशिवरात्रि पर शिव ज्योति अपर्णम महोत्सव का भव्य आयोजन होगा, इसमें 18 लाख दीपों की रोशनी से शिप्रा का पावन तट जगमग होगा। वही संपूर्ण शहर भी दीपों की रोशनी से जगमगाएगा। पिछले साल महाशिवरात्रि पर ही शिप्रा तट पर 11.71 दीये जलाकर रिकॉर्ड बनाया था, लेकिन इसके बाद दीपावली पर अयोध्या में 15 लाख 96 हजार दीप जलाकर उज्जैन का रिकॉर्ड तोड़ दिया था।