दो दिन मनेगा मकर संक्रांति का पर्व
उज्जैन। मकर संक्रांति का पर्व इस वर्ष दो दिन मनाया जाएगा। वर्षो से पारंपरिक रूप से 14 जनवरी को संक्रांति पर्व मनाने वाले 14 को तो धर्मशास्त्र के अनुसार 15 जनवरी को पर्व मनाया जाएगा। श्री कृष्ण की शिक्षा स्थली सांदिपनि आश्रम में 14 व 15 को दो दिन पर्व मनाया जाएगा। जबकि श्री महाकालेश्वर मंदिर में 15 जनवरी को मकर संक्रांति पर्व रहेगा।मकर संक्रांति पर्व को लेकर लंबे समय से 14 जनवरी को पर्व मनाते हुए स्नान, दान, देव पूजन किया जाता रहा है। इसी मान्यता के चलते लोग 14 जनवरी को संक्रांति पर्व मनाएंगे। वहीं धर्मशास्त्रीय मान्यता के अनुसार 14 जनवरी को रात्रि 8.50 बजे सूर्य का मकर राशि में प्रवेश होगा। इसलिए धर्मशास्त्रीय दृष्टिकोण से 15 जनवरी को मकर संक्रांति का पुण्य पर्वकाल मनाया जाएगा। इस दिन सुबह तीर्थ स्नान तथा तिल से बने पकवान, कंबल, ऊनी वस्त्र, चावल-मूंग की दाल आदि वस्तुओं के दान का विशेष महत्व है। संक्रांति पर्व पर मोक्ष दायिनी शिप्रा नदी में स्नान करने का महत्व होने से बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचते है। वहीं मंदिरों में दर्शन-पूजन कर दान-पुण्य करते है।