विक्रम विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन
उज्जैन- विक्रम विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज के मार्गदर्शन में 23 फरवरी को विश्वविद्यालय की ललित कला अध्ययनशाला के 14 विद्यार्थियों ने 30×40 फीट की शिव बारात की अद्भुत रंगोली 24 घंटे के अथक प्रयासों में बना दी। इस शिव बारात को परंपरागत और आध्यात्मिक वैभव देने के लिए 430 किलोग्राम रंगोली कलर का उपयोग इन विद्यार्थियों ने किया। सबसे पहले इन्होंने आदि देव शिव के प्राचीन वैभव का स्केच धरातल पर उतारा। यह कार्य अक्षित शर्मा ने पूरा किया इसके उपरांत विद्यार्थियों ने अपने क्रिएटिव विजन से कलरफुल इस रंगोली को डिजाइन किया। शिव बारात रंगोली का प्रदर्शन 23 फरवरी की शाम से लेकर 27 फरवरी की रात्रि तक कुल 72 घंटे से अधिक किया गया। जिसे महाकाल दर्शन के लिए आने वाले दर्शनार्थियों ने देखा और उसकी सराहना की, बल्कि इस रंगोली प्रदर्शन की चर्चा देश भर में विभिन्न माध्यमों के द्वारा की गई और इस प्रशंसनीय कार्य को लेकर मुख्यमंत्री द्वारा भी विद्यार्थियों की सराहना की गई। इस रंगोली की रचना में और इस आकार देने में पंकज सेहरा छात्र ने इसे स्वरूप प्रदान किया और अक्षित शर्मा, मुकुल, जगबंधु महातो, आदित्य चौहान, लक्ष्मी कुशवाह, प्रथा शाक्य, जीत दे, धर्मेंद्र मालवीय, नैसा खान, सलोनी परमार, इशा सोनगरा आदि ने इस रंगोली प्रदर्शन में अपना अथक परिश्रम किया। इस रंगोली प्रदर्शन में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन ललित कला अध्ययनशाला के विभागाध्यक्ष प्रो. जगदीश शर्मा, डॉ, महिमा मरमट, श्री लक्ष्मी नारायण सिंहरोडिया आदि ने भी किया। इस सराहनीय प्रदर्शन पर विश्वविद्यालय के कार्य परिषद सदस्यों सर्वश्री राजेश सिंह कुशवाह, रूप पमनानी, वरुण गुप्ता, डॉ. संजय वर्मा, डॉ. कुसुमलता निगवाल और डॉ मंजूषा मिमरोट तथा विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों ने सराहना की है और विद्यार्थियों को बधाई दी है।